सर्दियों में बाजरे के सेवन से होते हैं ये लाभ

by Mahima
bajra

जैसे-जैसे मौसम बदलते हैं, वैसे-वैसे ही हमारा खान-पान भी बदलता है। इस समय सर्दियों का मौसम है जिसमें हम ऐसी चीजों का सेवन करते हैं जिनमें फाइबर की मात्रा ज्यादा होती है, क्योंकि इससे हमारा शरीर भी गर्म रहता है। एक ऐसा ही आहार है बाजरा, जो पचाने में भी आसान होता है और इसमें फाइबर भी ज्यादा होता है।

इसे भी पढ़ें: किशमिश का पानी पीने से होने वाले स्वास्थ लाभ

आइए आपको बताते हैं ठंड में बाजरे का सेवन करने से आपको क्या-क्या लाभ मिलते हैं और किस आहारों में आप इसे इस्तेमाल कर सकते हैं।

सर्दियों में गर्म रहेगा शरीर

सर्दी के मौसम में बाजरे का सेवन विशेष फायदेमंद है इसका कारण ये है कि इसकी तासीर गर्म होती है। सर्दियों में गर्म बाजरे की रोटी में देसी घी लगाकर खाएं या बाजरे की गर्म खिचड़ी में देसी घी डालकर खाएं, इसका स्वाद बेमिसाल होता है। बाजरा ऊर्जा का बहुत अच्छा स्रोत है इसलिए इसके सेवन से शरीर भीतर से गर्म रहता है और सर्दियों में होने वाली आम समस्याएं या इंफेक्शन आपको परेशान नहीं करते हैं।

नहीं होगी कब्ज और गैस की परेशानी

बाजरे में भरपूर मात्रा में फाइबर पाए जाते हैं जो आसानी से पच जाता है और पाचन क्रिया को दुरुस्त रखने में मददगार होते हैं। कब्ज और गैस से हर इंसान परेशान रहता है और यह पेट की मुख्य बीमारी है। कब्ज और गैस की समस्या को ठीक रखने के लिए बाजरे के आटे की रोटी खाएं। बाजरे की रोटी को खाने से कब्ज की समस्या नहीं होती है।

इसे भी पढ़ें: सर्दी जुकाम से हैं परेशान तो अपनाएं ये आसान घरेलु उपाए

दिनभर रहती है एनर्जी

सर्दियों में आलस की समस्या बहुत आम है। दिनभर थकी हुई शरीर के साथ काम करना मुश्किल होता है। इसका एक कारण यह है कि सर्दियों में हमारा मेटाबॉलिज्म कमजोर हो जाता है, जिससे शरीर में एनर्जी कम रहती है। मगर यदि आप बाजरे का सेवन करते हैं, तो आपके शरीर में दिनभर एनर्जी बरकरार रहती है। बाजरे के रोजाना सेवन से ताकत बढ़ती है और मांसपेशियों का विकास होता है।

इसे भी पढ़ें: फ्लू सीजन से पहले क्यों जरूरी है फ्लू वैक्सीन? पढ़ें यहां

ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और कोलेस्ट्रॉल रहेगा कंट्रोल

बाजरे की रोटी में पाया जाने वाला नियासिन नामक विटामिन कोलेस्‍ट्रॉल को कम करने में मदद करता है जिससे दिल से जुड़ी बीमारियों के होने का खतरा कम होता है। साथ ही ये मैग्नीशियम और पोटैशियम के भी अच्छे स्रोत होते हैं जो आपके ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मददगार हैं। बाजरा मधुमेह (टाइप 2) के खतरे को कम करता है।